कंबल पा कर खिले बुजुर्गो के चेहरे…….
आजमगढ़। मिर्जापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा मुंडियार में शीतलहर के बीच असहाय एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान आमिना याहिया खान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1200 असहाय ग्रामवासियों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वयं जरूरतमंदों को कंबल सौंपे और उनकी समस्याएं भी सुनीं।इस अवसर पर विकासखंड अधिकारी अखिलेश गुप्ता ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ठंड के मौसम में कोई भी असहाय व्यक्ति परेशानी में न रहे, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान द्वारा किए गए इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
वहीं ग्राम प्रधान आमिना याहिया खान ने कहा कि ग्राम सभा के गरीब, वृद्ध, दिव्यांग एवं असहाय लोगों की सहायता करना उनकी प्राथमिकता है। ठंड के इस मौसम में कंबल वितरण से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलेगी और आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रहेंगे। कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से गरीबों को सम्मान के साथ सहायता मिलती कंबल वितरण समारोह में मिर्जापुर विकासखंड अधिकारी अखिलेश गुप्ता, ग्राम पंचायत अधिकारी वीरेंद्र कुमार शाही, ग्राम प्रधान पति याहिया खान, शुभम शुक्ला, उमैर आज़मी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




