गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज है कई मुकदमे…
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित पशुओं का मांस बेचने के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रईस अहमद लंबे समय से फरार था, जिस पर जिले के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार द्वारा इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति प्रतिबंधित पशु के बच्चे को वध के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त आदिल को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका साथी रईस अहमद फरार हो गया था। तलाशी के दौरान एक बोरी में प्रतिबंधित पशुओं का मांस तथा बड़ी मात्रा में वध में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए थे।
इस प्रकरण में फरार चल रहे रईस अहमद की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में सूचना मिली कि आरोपी जीयनपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर नहर के पास मौजूद है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रईस अहमद के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 24 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी




