ग्रामीणों की सतर्कता से शातिर चोर गिरफ्तार, फूलपुर पुलिस ने भेजा जेल; तीन चोरियों का खुलासा!

SHARE:

शातिर चोर पिछले दिनों घटित कई घटनाओं को दे चुका है अंजाम…..

आजमगढ़। जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। फूलपुर थाना क्षेत्र के मुडियार गांव में चोरी कर भाग रहे अभियुक्त को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आबिद उर्फ ढोढई निवासी मुडियार के रूप में हुई है। घटना 30 दिसंबर की रात की है, जब आबिद अबू जैद के घर से सोने की अंगूठी और चेन चोरी कर फरार हो रहा था। घर से शोर सुनकर जागे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने क्षेत्र में हुई दो अन्य चोरियों का भी खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि 24 अक्टूबर को दसमड़ा गांव में वीरेंद्र यादव के घर से नकदी व जेवरात चोरी किए थे, जबकि 29 दिसंबर को खानपुर चितरावल गांव में अकबरुन के घर से आभूषण चुराए थे।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है, जिसमें सोने के कान के बाले व बालियां, चार चांदी की पायल तथा 2140 रुपये नकद शामिल हैं। जांच में सामने आया कि आबिद एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ फूलपुर, अहरौला, गम्भीरपुर और सरायमीर थानों में गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, पाक्सो और चोरी सहित कुल 12 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment