कान्हा गोशाला का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी!

SHARE:

केयर टेकर पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने का आदेश, रैन बसेरे का भी लिया जायजा…

मेंहनगर (आजमगढ़)। जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार की शाम लगभग 4:15 बजे मेहनगर कस्बा स्थित कान्हा गोशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में संरक्षित गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए की गई व्यवस्थाएं नाकाफी पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण में पाया गया कि गोशाला परिसर में कई स्थानों पर तिरपाल, बोरा, भूसा एवं अन्य ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। कुछ गोवंश खुले में ठंड का सामना करते हुए नजर आए। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित केयर टेकर के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन के निर्देशानुसार सर्दी के मौसम में गोवंशों के संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही चारे, पेयजल, साफ-सफाई और पशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। नियमित पशु चिकित्सक जांच सुनिश्चित करने और बीमार गोवंशों के समुचित इलाज के भी निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने मेहनगर कस्बे में संचालित रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। वहां ठहरे जरूरतमंदों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर नगर पंचायत अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड के मौसम में रैन बसेरा गरीब, असहाय एवं बेघर लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने अंत में सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोशालाओं और रैन बसेरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, अन्यथा जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रशांत कुमार, तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी सूर्यनाथ सरोज, सहायक सीबीओ वाई.के. यादव, पशुपालन विभाग के अधिकारी, नगर पंचायत के कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment