समाज को बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रयास….
आजमगढ़ (अतरौलिया)। ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान एवं डाबर इंडिया लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से जनपद के अतरौलिया, अहिरौला, कोयलसा व महाराजगंज विकासखंडों के विभिन्न विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में बच्चों तथा समुदाय के लोगों के बीच पौष्टिक उत्पादों का निरंतर वितरण किया जा रहा है।
इसी क्रम में 26 दिसंबर 2025 को विकासखंड कोयलसा के कंपोजिट विद्यालय भैरवदासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों, अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय के लोगों को पौष्टिक पेय पदार्थ, मंजन, ठंडा तेल एवं शैम्पू वितरित किए गए। कार्यक्रम में डाबर इंडिया लिमिटेड, बनारस से टी.एम. आदित्य नंदन सिंह, सीनियर सेल्स ऑफिसर सुमित कुमार पांडेय, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
उत्पाद वितरण के दौरान सीनियर सेल्स ऑफिसर सुमित कुमार पांडेय ने कहा कि डाबर इंडिया लिमिटेड भविष्य में भी बच्चों और समुदाय तक अपने गुणवत्तापूर्ण उत्पाद पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा, जिससे समाज को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
इस अवसर पर ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान की वरिष्ठ साथी जाह्नवी दत्त ने डाबर इंडिया लिमिटेड के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोगात्मक प्रयास समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और सराहनीय हैं। उन्होंने बच्चों व अभिभावकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साबुन से हाथ धोने की सही प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य से जुड़े लाभों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उन्होंने कंपोजिट विद्यालय भैरवदासपुर के प्रधानाचार्य एवं समस्त अध्यापकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




