बांग्लादेश में नहीं रुक रहा हिन्दुओं के हत्या का सिलसिला….
ढाका। बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक बार फिर हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। स्थानीय पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पांगशा थाना क्षेत्र के कालीमोहोर यूनियन अंतर्गत होसेनडांगा गांव में 29 वर्षीय हिंदू युवक अमृत मंडल उर्फ सम्राट की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमृत मंडल पर कथित जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने उस पर हमला किया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक होसेनडांगा गांव का ही निवासी था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया।
राजबाड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने बताया कि मामले में अमृत के एक साथी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर दो हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना दीपू चंद्र दास की मौत के महज सात दिन बाद हुई है, जिससे इलाके में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर तनाव की स्थिति बनी हुई बताई जा रही है।

इस बीच सामाजिक और राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि हाल के दिनों में सामने आ रहे कुछ विवादास्पद बयानों और घटनाओं ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




