पालतू कुत्ते की बीमारी से मानसिक तनाव में आईं दो सगी बहनों ने दी जान!

SHARE:

अत्यधिक फिनायल पीने से हुई मौत पुलिस व चिकित्सकीय सूत्रों ने घटना की पुष्टि की….

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस, परिजन और अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों बहनें अपने पालतू कुत्ते की लंबे समय से चल रही बीमारी को लेकर मानसिक तनाव में थीं।

पारा थाना प्रभारी के मुताबिक, जलालपुर के दोदाखेड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय राधा सिंह और 22 वर्षीय जिया सिंह को गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां राधा सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि जिया सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों बहनों ने घर में जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता पाल रखा था, जो पिछले लगभग एक महीने से बीमार चल रहा था। पशु चिकित्सकों से लगातार इलाज कराए जाने के बावजूद कुत्ते की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था। इसी कारण दोनों बहनें पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थीं।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि दोनों को अत्यंत नाजुक अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दोनों मृत बहनो के भाई वीर सिंह ने बताया कि दोनों बहनों ने घर में जर्मन शेफर्ड नस्ल का एक डाग पाल रखा था, जिसका नाम टोनी है। टोनी एक महीने से बीमार चल रहा था। उसका लगातार इलाज कराया जा रहा था, लेकिन हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था। इसी बात को लेकर दोनों बहनें बेहद परेशान और डिप्रेशन में थीं, फिलहाल किसी सुसाइड नोट की बरामदगी नहीं हुई है। एक साथ दो बेटियों की मौत से पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर है। हंसते-खेलते परिवार में एक साथ उठी दो अर्थियों ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment