ओमप्रकाश राजभर ने नए सदस्यों का स्वागत किया……
आजमगढ़। गुरुवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब अन्य दलों को छोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम स्थानीय निरीक्षण भवन में आयोजित किया गया, जहां कैबिनेट मंत्री एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आजमगढ़ जनपद के छपरा सुल्तानपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता शिवेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने सुभासपा की प्राथमिक सदस्यता ली। शिवेश सिंह महाराणा प्रताप संगठन के सक्रिय सदस्य भी हैं। उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिवेश सिंह ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी दायित्व सौंपेगी, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर शोषित, वंचित और गरीब वर्ग की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और उनकी जनहितकारी कार्यशैली से प्रभावित होकर ही उन्होंने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की है।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सैकड़ों लोगों का पार्टी से जुड़ना यह दर्शाता है कि जनता सुभासपा की नीतियों और विचारधारा पर विश्वास जता रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को शीघ्र ही नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिनका निर्धारण जिला अध्यक्ष और जिला मंत्री द्वारा किया जाएगा।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में आदित्य सिंह पालीवाल, मनीष सिंह, आकाश तिवारी, नवीन पांडेय, नीरज सिंह पालीवाल, अंकुर सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, पीयूष सिंह, विजय सिंह प्रधान, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




