अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर जनपद के विद्यालयों में निबंध लेखन, भाषण तथा एकल काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया…
आजमगढ़, 25 दिसम्बर। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा आज लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया गया तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सहित अन्य महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, आजमगढ़ में देखा गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 19 से 25 दिसम्बर 2025 तक आयोजित सुशासन सप्ताह के अंतर्गत भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण नई पीढ़ी को उनके जीवन, आदर्शों और कृतित्व से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक महान कवि, सकारात्मक विचारधारा वाले राजनेता और ऐसे प्रधानमंत्री थे, जो सत्ता और विपक्ष—दोनों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर उनके दृढ़ निर्णयों का उल्लेख करते हुए परमाणु परीक्षण को इसका उदाहरण बताया।
जिलाधिकारी ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर जनपद के विद्यालयों में निबंध लेखन, भाषण तथा एकल काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से सीख लेकर उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
पुरस्कार वितरण विवरण:
निबंध प्रतियोगिता:
प्रथम: प्रतिभा यादव (श्री लालसा राय इंटर कॉलेज, सठियांव)
द्वितीय: फलक नूर (बीआरडी बाबा रघुबर दास इंटर कॉलेज, आजमगढ़)
तृतीय: अंशिका प्रजापति (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़)
भाषण प्रतियोगिता:
प्रथम: ईरम जहीर (शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज, आजमगढ़)
द्वितीय: सुप्रिया श्रीवास्तव (शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज, आजमगढ़)
तृतीय: वैष्णवी राय (राजकीय महिला महाविद्यालय, समदी अहिरौला)
एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता:
प्रथम: वर्षा भारती (डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़)
द्वितीय: रेनू अग्रहरि (राजकीय महिला पीजी कॉलेज, अहिरौला)
तृतीय: अंशिका (अग्रसेन पीजी कॉलेज, आजमगढ़)
विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार राशि एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़ की प्रवक्ता शमा शेख द्वारा किया गया। इससे पूर्व विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक श्री वीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।




