ब्रह्मलीन सिद्ध संत दुर्वासा महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री मौनी बाबा रामलाल दास जी महाराज की नौवीं पुण्यतिथि…
आजमगढ़। जिले के गहजी स्थित माँ शारदा स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में शनिवार को ब्रह्मलीन सिद्ध संत दुर्वासा महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री मौनी बाबा रामलाल दास जी महाराज की नौवीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य संत समागम एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मौनी बाबा आश्रम के महंत शुभम दास जी महाराज ने की।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक फौजदार सिंह, निदेशक संजय सिंह, सौरभ सिंह व राममिलन सिंह द्वारा उपस्थित संत-महात्माओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही क्षेत्र की 11 आचार्य विभूतियों को मंच पर माला व अंगवस्त्र देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।संत समागम को संबोधित करते हुए मुमुक्षु आश्रम अंबेडकर नगर के महंत सत्यव्रत ब्रह्मचारी जी महाराज ने मौनी बाबा को चमत्कारी सिद्धियों का स्वामी बताते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों की कृपा से मानव जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि संतों का सम्मान करने वाला व्यक्ति सदैव प्रगति करता है।
दैवग्य दुर्वासा मंडल के मुन्ना बाबा ने कहा कि संत शिरोमणि मौनी बाबा ने अपनी साधना की सिद्धियों के बल पर हमेशा शिष्यों का कल्याण किया। वहीं साहित्यकार प्रभुनारायण पांडेय ‘प्रेमी’ ने मौनी बाबा को महान संत बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर आध्यात्मिक साधना में सिद्धि प्राप्त की जा सकती है। कवि पं. सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुंदन’ ने मौनी बाबा की भावपूर्ण वंदना प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में चंद्रमा ऋषि आश्रम के महंत बमबम बाबा, नागा बाबा, डॉ. प्रमोद मिश्रा, मुसाफिर सिंह, प्रमुख शकील अहमद, एडवोकेट दिवाकर सिंह, डॉ. अशोक सिंह, राकेश सिंह पालीवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक उदयराज यादव ने किया।




