फर्जी दरोगा बनकर शादी व ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में कूटरचित सामग्री बरामद!

SHARE:

लालची पति की पत्नी की शिकायत पर खुली पोल……

आजमगढ़। थाना निजामाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी उप-निरीक्षक बनकर शादी करने और पुलिस वर्दी पहनकर लोगों से छल-कपट करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से उप-निरीक्षक की वर्दी, फर्जी परिचय पत्र, फर्जी नियुक्ति/ज्वाइनिंग लेटर सहित भारी मात्रा में कूटरचित सामग्री बरामद की गई है। पीड़िता श्रीमती काजल यादव निवासी मिठ्ठनपुर हादीअली थाना निजामाबाद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अभियुक्त प्रदीप यादव ने स्वयं को पीएसी सिपाही व उप-निरीक्षक बताते हुए 16 फरवरी 2022 को उससे विवाह किया। इस दौरान दहेज में लगभग 8 लाख रुपये, सोने के आभूषण एवं घरेलू सामान लिया गया। विवाह के बाद अभियुक्त व उसके परिजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज और वाहन की मांग को लेकर प्रताड़ना की गई। इतना ही नहीं, अभियुक्त ने वर्ष 2023 की उप-निरीक्षक भर्ती में चयन का झांसा देकर मेडिकल परीक्षण के नाम पर 1 लाख रुपये और ले लिए।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त का पुलिस विभाग से कोई संबंध नहीं है। इस संबंध में थाना निजामाबाद पर धारा 85, 205, 318(4), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि अभियुक्त पीड़िता को धमकाने के लिए पुलिस वर्दी पहनकर आया है, जिस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रदीप यादव पुत्र मोतीलाल यादव निवासी ग्राम मड़ना थाना अहरौला, उम्र लगभग 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि अच्छी शादी और धन लाभ के लालच में उसने कूटरचित तरीके से सिपाही व उप-निरीक्षक के फर्जी परिचय पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कराए। स्वयं को सिपाही बताकर विवाह किया और दरोगा भर्ती में चयन व मेडिकल के नाम पर ससुराल पक्ष से 1 लाख रुपये प्राप्त किए। अभियुक्त प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में तैनाती का झांसा देता रहा और उप-निरीक्षक की वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह करता रहा। बरामदगी में अभियुक्त के पास से 02 फर्जी पुलिस परिचय पत्र, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, नेम प्लेट, उप-निरीक्षक की वर्दी, जैकेट, कैप, बेल्ट, जूते, वर्दी में फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड, कीपैड मोबाइल व स्मार्टफोन, नगद 1117 रुपये सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment