कप्तान ने किया जनसंवाद, पौध रोपण…..
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे महराजगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाने पर पहुंचते ही पुलिस बल द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने चौकीदारों व क्षेत्रीय लोगों से संवाद किया, चौकीदारों को कंबल वितरिमें वृक्षारोपण भी किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों की बैरक, मेस, साइबर हेल्प डेस्क, जनसुनवाई कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष एवं विभिन्न अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। उन्होंने मेस को और आधुनिक बनाने, तथा पुलिसकर्मियों के रहने व भोजन की सुविधाओं में और सुधार के निर्देश दिए। परिसर में लावारिस व मुकदमों में वांछित पड़े वाहनों की स्थिति की भी जानकारी ली।
क्षेत्रीय लोगों से बातचीत में एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस और नागरिकों का संयुक्त सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की गोपनीय और भरोसेमंद सूचना पुलिस को दें। इसके लिए समय-समय पर पुलिस अधिकारियों के पर्सनल नंबर सार्वजनिक किए जाते हैं, जिनका दुरुपयोग न करते हुए केवल आवश्यक शिकायतों के लिए इस्तेमाल किया जाए।
एसपी ने कहा कि किसी घटना के बाद सड़क जाम, तोड़फोड़ जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और न ही बच्चों को इसमें सहभागिता करने दें। अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से रखें और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि शिकायत के लिए 112, 1090, 1930, आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन जैसे कई विकल्प उपलब्ध हैं, जिन पर सही शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत अधिक से अधिक लोगों से अपने घरों व कारोबारी प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की भी अपील की। इस दौरान नगर पंचायत सभासद ऋषु मिश्रा द्वारा पासपोर्ट वेरिफिकेशन में कथित अवैध वसूली का मुद्दा उठाया गया, जिस पर एसपी ने आश्वासन दिया कि ऐसी शिकायतें मिलने पर संबंधित दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




