एसडीआरएफ लखनऊ में 12 दिवसीय प्रशिक्षण, आपदा मित्र बनेंगे जिले के फर्स्ट रिस्पांडर……
आजमगढ़, 12 दिसंबर। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से आपदा मित्र योजना के द्वितीय चरण के तहत चयनित स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण हेतु हरी झंडी दिखाकर एसडीआरएफ लखनऊ के लिए रवाना किया। यह प्रशिक्षण 13 से 24 दिसंबर तक चलेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद स्वयंसेवक जिले में किसी भी आपदा की स्थिति में फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सामुदायिक जागरूकता बढ़ाकर आपदाओं के दौरान होने वाले नुकसान को कम करने के उद्देश्य से इस योजना को लागू किया गया है। आपदा मित्र परियोजना का संचालन आपदा मोचक निधि से किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने बताया कि स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार आपदा पूर्व तैयारी, भूकंप सुरक्षा, खोज एवं बचाव, अग्नि सुरक्षा, बाढ़, आकाशीय बिजली, सीपीआर सहित अन्य विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आपदा विशेषज्ञ डॉक्टर चंदन कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को आपातकालीन किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें फर्स्ट एड किट, लाइफ जैकेट, टॉर्च, सुरक्षा हेलमेट, लाइटर, बहुउपयोगी रस्सी, कटर, सीटी आदि शामिल होंगे, ताकि वे आपदा के समय तत्काल राहत कार्य कर सकें। कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा लिपिक रामविलास यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




