राजभर बोले— “हर गांव के बच्चों तक पहुंचेगी नौकरी की पूरी जानकारी”……
अतरौलिया, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को निरीक्षण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि गांव के युवाओं को सरकारी नौकरियों की सही जानकारी और दिशा न मिलने के कारण वे अवसरों से वंचित रह जाते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना का गठन किया है। उन्होंने बताया कि इस सेना में विभिन्न विभागों में कार्य कर चुके सेवानिवृत्त सिपाही, दरोगा, शिक्षक, वीडीओ सहित अनुभवी कर्मचारी शामिल किए गए हैं, जो गांव-गांव जाकर युवाओं को भर्ती प्रक्रियाओं और तैयारी के तरीकों के बारे में मार्गदर्शन देंगे। फिलहाल अभियान को 22 जिलों में शुरू किया गया है और जल्द ही इसे पूरे 75 जिलों में लागू किया जाएगा। साथ ही बिहार में भी विस्तार की योजना है। लगभग एक लाख सदस्यों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिसे अनुशासन और जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राजभर ने कहा कि— “सुहेलदेव सेना का उद्देश्य है कि हर गांव का बच्चा होमगार्ड, पुलिस, शिक्षक या किसी भी सरकारी भर्ती के आवेदन और तैयारी की पूरी जानकारी प्राप्त कर सके।”

इंडिगो की उड़ान सेवाओं में बाधा के सवाल पर उन्होंने कहा कि- इससे जनता को हो रही परेशानी पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी चिंतित हैं तथा समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टिकटों के अतिरिक्त शुल्क को लेकर भी सरकार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। डॉ. संजय निषाद के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री राजभर ने कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के संदर्भ में अपनी बात रखी है, लेकिन कुछ लोगों ने उसका सही अर्थ नहीं समझा, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
आजमगढ़ में रेलवे निर्माण में घटिया कार्य के मामले पर उन्होंने ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा— “अगर मुझे लिखित शिकायत मिलती है तो आज ही जांच बैठा दूंगा। सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। ”डॉलर–रुपये के मुद्दे पर विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा कि आम जनता डॉलर को तभी समझ पाएगी जब उसके पास शिक्षा होगी।
उन्होंने कहा— “हमारी लड़ाई देश में रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा और दवाई उपलब्ध कराने की है।” पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने आश्वस्त किया कि चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और शासन की तैयारियाँ पूर्ण हैं।
रिपोर्ट — ZFM Times




