गन्ना क्रय केंद्रों पर अव्यवस्थाओं का अंबार, किसान परेशान!

SHARE:

किसानों की मजबूरी का फायदा उठा रहे गन्ना क्रेशर, गन्ना बिचौलिया…..

बूढ़नपुर/आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र स्थित गन्ना क्रय केंद्र बूढ़नपुर-ए पर भारी अव्यवस्थाओं को लेकर किसान आक्रोशित हैं। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र पर ट्रालियों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, लेकिन प्रतिदिन मात्र 1 से 2 ट्राला गन्ना ही तौला जा रहा है, जबकि क्षमता प्रतिदिन 6 ट्राला की है। ऐसे में गन्ना केंद्र पर दिनों तक पड़ा-पड़ा सूख रहा है, जिससे किसानों की पर्ची हायल हो रही है और समय पर तौल न होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि मजबूरी में उन्हें गन्ना क्रेशरों और बिचौलियों को औने–पौने दाम पर बेचना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि गन्ना उतारने के लिए 200 से 300 रुपये अवैध रूप से वसूले जा रहे हैं, जबकि मिल की ओर से उताराई निशुल्क करने का नियम है।

किसानों का यह भी कहना है कि कांटा बाबू द्वारा अवैध रूप से लगभग दो कुंतल गन्ना काट लिया जाता है तथा अर्ली पर्चियों को सामान्य पर्चियों में बदल दिया जा रहा है, जिससे किसान और अधिक परेशान हैं।

किसानों ने संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने की बात कही, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को विवश होंगे।

रिपोर्ट —ZFM TIMES 

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment