फूलपुर में शौकत कैफ़ी की पांचवीं पुण्यतिथि पर मूर्ति का अनावरण, शबाना आज़मी हुईं भावुक!

SHARE:

साइकिल रैली और गरीब छात्राओं को साइकिल वितरण…

फूलपुर (आजमगढ़)। प्रसिद्ध दिवंगत अभिनेत्री शौकत कैफ़ी की पांचवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को मेजवा स्थित फतेह मंजिल आवास पर उनकी मूर्ति का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में उनकी बेटी अभिनेत्री शबाना आजमी और बेटे सिनेमेटोग्राफर बाबा आज़मी मौजूद रहे। मूर्ति का अनावरण होते ही शबाना आजमी भावुक हो उठीं और उनकी आँखें नम हो गईं। इस दौरान स्कूली बच्चों ने “शौकत कैफ़ी अमर रहें” के नारे लगाए। महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, नज़्म और लघुनाटिका ने बांधा समा, कैफ़ी आज़मी गर्ल्स इंटर कॉलेज में शौकत कैफ़ी की स्मृति में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने कैफ़ी आज़मी की प्रसिद्ध नज़्म “शोर यूं ही परिंदों ने मचाया होगा” प्रस्तुत की। वहीं बालिकाओं द्वारा मंचित लघुनाटिका को दर्शकों ने खूब सराहा। साइकिल रैली और गरीब छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम से पूर्व कॉलेज छात्राओं ने शबाना आज़मी रोड से फतेह मंजिल तक साइकिल रैली निकाली। शौकत कैफ़ी की स्मृति में हीरो साइकिल कंपनी द्वारा दान की गई 50 साइकिलों का वितरण मुख्य अतिथि सपा सांसद दारोगा प्रसाद सरोज, अभिनेत्री शबाना आजमी, बाबा आज़मी और दिनेश अरिज़ा ने संयुक्त रूप से किया।

शबाना आज़मी बोलीं— “मां से ही सब सीखा” फतेह मंजिल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शबाना आजमी ने कहा, “शौकत कैफ़ी एक महान नागरिक थीं। मैंने जीवन में जो कुछ भी सीखा है, अपनी मां से सीखा है। जब उनका जनाज़ा निकला, तो मैं उस रजाई में सोई जिसमें मां सोती थीं। ऐसा लगा मानो मैं जीवनभर उनके साथ ही रहूंगी।” सांसद बोले— कैफ़ी आज़मी ने गांव का किया सर्वांगीण विकास

सपा सांसद दारोगा प्रसाद सरोज ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि मैं देश की बेटी शबाना आजमी से मिल रहा हूं। कैफ़ी आज़मी ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने गांव का हर तरह से विकास किया। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।”

कार्यक्रम का संचालन प्रिंसिपल वंदना मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ. क़ादिर, हिना देसाई, मोहम्मद आसिफ, गोपाल सुवेदी, मनोज कुमार, राजेश यादव, नम्रता गोयल, हरमंदिर पांडेय, गुंजन चौधरी, अरंग, शाहिस्ता अली, लल्लन प्रजापति, डॉ. शशिकांत, डॉ. मोहम्मद अजीम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment