कारवाई में हथियार, कारतूस और अवैध मांस बिक्री की रकम बरामद….
अतरौलिया (आजमगढ़)। प्रतिबंधित पशु वध व तस्करी में लिप्त अन्तरजनपदीय गिरोह पर अतरौलिया पुलिस ने शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 4:08 बजे हुई मुठभेड़ में पुलिस ने ₹25,000 के इनामी अपराधी करीम को पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने क्षेत्र में सक्रिय पशु तस्करों के नेटवर्क को बेनकाब कर दिया।
संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस पर चलाई गोली जानकारी के अनुसार, पुलिस रात्रि गश्त के दौरान सुखीपुर अंडरपास के पास वाहनों की जांच कर रही थी। तभी गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन से एक युवक संदिग्ध अवस्था में बाइक से आता दिखा। रुकने का संकेत देने पर उसने पुलिस टीम पर फायर झोंकते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
इनामी अपराधी की पहचान, साथी फरार गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीम पुत्र मकसूद अहमद, निवासी रफीउल्लाहपुर, थाना जलालपुर (अंबेडकरनगर) के रूप में हुई। उसका साथी आरिफ पुत्र इरफान अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में विशेष टीम गठित की गई है।
हथियार, कारतूस और अवैध मांस बिक्री की रकम बरामद मौके से पुलिस ने एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा अवैध मांस बिक्री से अर्जित ₹3,200 बरामद किए। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा गया।
गोरथानी गौ वध कांड में खुलासे पूछताछ में करीम ने स्वीकार किया कि 8–9 नवंबर की रात ग्राम गोरथानी में दो प्रतिबंधित पशुओं के वध में उसने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। जांच में जिन सहयोगियों के नाम सामने आए हैं, वे हैं—
आरिफ पुत्र इरफान (फरार)
इरफान पुत्र वाजिद अली
एकलाख अहमद
शमीम पुत्र मकसूद
शहजादे आलम उर्फ चांद
खुलासा हुआ कि वध के बाद अवैध मांस को सफेद रंग की कार से बाहर भेजा गया और बिक्री से अर्जित धन आपस में बांटा गया।
पहले भी गिर चुके हैं गैंग के सदस्य 18 नवंबर को पुलिस इसी गिरोह के दो सदस्यों इरफान पुत्र वाजिद अली और शहजादे आलम उर्फ चांद को दो चापड़ व ₹10,500 नकद के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। करीम की गिरफ्तारी से पूरा गिरोह लगभग उजागर हो गया है।
पुलिस नेतृत्व की सराहना यह अभियान एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार तथा एएसपी ग्रामीण चिराग जैन के निर्देशन में चलाया गया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उ0नि0 विनय यादव, उ0नि0 उमापति गिरी, उ0नि0 ज़फर अय्यूब, हेड कांस्टेबल गोविंद मौर्य सहित पूरी टीम की तत्परता से कार्रवाई सफल हुई।
थाना अध्यक्ष बोले—‘संगठित अपराध बर्दाश्त नहीं’
थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने कहा, “पशु तस्करी और किसी भी तरह का संगठित अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार आरोपी भी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। ”इन्हीं प्रयासों से क्षेत्र में राहत का माहौल बना है और स्थानीय लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।




