रक्तदान महा दान……
फूलपुर, आज़मगढ़। कस्बे के नागा बाबा सरोवर पार्क बस स्टॉप पर शनिवार को आयोजित चतुर्थ रक्तदान शिविर मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बन गया। समाजसेवी विवेक विश्वकर्मा उर्फ पुटुरू और सौरभ सिंह यादव के संयोजन में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस वर्ष शिविर ने नया कीर्तिमान बनाया—जहां पिछले वर्ष 153 यूनिट रक्त एकत्र हुआ था, वहीं इस बार कुल 202 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्त एकत्रीकरण का कार्य मंडलीय जिला चिकित्सालय आज़मगढ़ ब्लड सेंटर की टीम ने प्रभारी डॉ. अनिल मौर्य, डाली पांडेय, संगीता मौर्या और राजेंद्र यादव की देखरेख में संपन्न कराया।

भव्य शुभारंभ- कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद राजभर और मत्स्य विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने भारत माता, सुभाष चंद्र बोस व चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की।
मुख्य अतिथि विनोद राजभर ने कहा—“रक्तदान महादान है। यह शिविर न जाने कितनी जिंदगियों को नई रोशनी देगा। सबसे खुशी की बात है कि यहां युवा, महिलाएं और छात्र-छात्राएं सभी ने उत्साह से भाग लिया।”
‘जागरूकता से बढ़ी रक्तदाताओं की संख्या’
आयोजक विवेक विश्वकर्मा पुटुरू ने बताया कि लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का ही नतीजा है कि हर साल रक्तदाताओं की संख्या बढ़ रही है। “लोगों में जागरूकता आई है। हमारी टीम घर-घर जाकर प्रेरित करती है, इसलिए इस वर्ष रिकॉर्ड 202 लोग रक्तदान करने पहुंचे,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम का संचालन सौरभ यादव ने किया।भीड़ उमड़ी, जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूदशिविर में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें राजेश यादव (प्रधानाध्यापक अंबारी), राजनारायण गिरि, राकेश गौड़, रत्नेश बिंद, राजेश मोदनवाल ‘चुटटूर’, सोनू सिंह, भानु प्रताप चौहान, निहाल सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल थे।

पूर्व राज्यपाल को दी श्रद्धांजलि- कार्यक्रम के अंत में अंबारी के प्रधानाध्यापक राजेश यादव की अगुवाई में उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह रक्तदान शिविर न केवल फूलपुर की सामाजिक चेतना का परिचायक बना, बल्कि क्षेत्र में मानवीय संवेदना और जीवदायिनी भावना को एक नई ऊँचाई भी दे गया।
रिपोर्ट… ZFM TIMES




