मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार यशवंत सिंह रहे….
आजमगढ़, 10 मार्च। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड परिसर जहानागंज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों और नगर पंचायतों से आए कुल 186 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, कार्यक्रम में विकास खंड जहानागंज, अतरौलिया, कोयलसा, बिलरियागंज, महराजगंज, मेंहनगर, पल्हनी और सठियांव सहित तीन नगर पंचायतों के कुल 202 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 186 जोड़ों का विधिवत सामूहिक विवाह कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार यशवंत सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक प्रमुख जहानागंज रमेश कन्नौजिया, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल तथा मंडल अध्यक्ष जहानागंज राकेश सिंह मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि यशवंत सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना गरीब परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी गरीब परिवार की बेटी की शादी धन के अभाव में नहीं रुकेगी। सरकार इस योजना के तहत प्रति जोड़े लगभग एक लाख रुपये खर्च करती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में विवाह उपरांत उपहार स्वरूप भेजे जाते हैं, जबकि लगभग 25 हजार रुपये के गृहस्थी के 26 आवश्यक सामान दिए जाते हैं। इन सामानों में पांच साड़ियों का सेट, प्रेशर कुकर, आठ किलो का स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, दो गद्दे, डबल बेड की चादर, 30 ग्राम चांदी की पायल और 10 ग्राम बिछिया समेत अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 15 हजार रुपये कार्यक्रम के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।

कार्यक्रम में डीडी पंचायती राज, बीडीओ जहानागंज, बीडीओ अजमतगढ़, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, सहायक विकास अधिकारी शियानंद यादव, चंदन प्रसाद, मुकेश यादव, ग्राम विकास अधिकारी अंकित सिंह, ऋषिकेश, पर्यवेक्षक पारसनाथ, सुधांशु मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।







