परिसर में उड़े अबीर ग़ुलाल, होली गीत पर थिरके अधिकारी कर्मचारी…
आजमगढ़, 05 मार्च। जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के बाद पुलिस लाइन आजमगढ़ में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक ढंग से हर्षोल्लास के साथ होली उत्सव मनाया। इस अवसर पर पूरा परिसर रंग, अबीर और गुलाल की खुशबू से सराबोर नजर आया तथा पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने भी सहभागिता की।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ होली खेलते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।होली उत्सव के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी आकर्षक आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने होली पर्व के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।







