2017 में ऐतिहासिक दौरे पर इजरायल गए थे पीएम मोदी…..
इजरायल। भारत और इजरायल के रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 25 फरवरी को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर इजरायल पहुंचे। इजरायली समयानुसार दोपहर 12:45 बजे उनका विमान बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा, जहां इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी प्रदान किया गया।
नौ साल बाद दूसरी यात्रा- यह प्रधानमंत्री मोदी की पिछले नौ वर्षों में दूसरी इजरायल यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में ऐतिहासिक दौरे पर इजरायल गए थे, जिसने दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा दी थी। इस बार का दौरा भी रणनीतिक और कूटनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात, नेसेट को संबोधन- अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वे इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। दौरे का एक अहम पड़ाव इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित करना है। यह विशेष सम्मान दुनिया के चुनिंदा नेताओं को ही प्राप्त होता है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी को इस मंच पर सम्बोधन का अवसर मिल चुका है।
रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा- भारत और इजरायल के बीच 2017 में स्थापित रणनीतिक साझेदारी के बाद रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ा है। दोनों नेता इन क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और भविष्य की रूपरेखा तय करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, वार्ता के दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने, कृषि तकनीक के आदान-प्रदान, जल संरक्षण तकनीकों, स्टार्टअप एवं नवाचार सहयोग, तथा व्यापार और निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही, ‘पीपुल-टू-पीपुल’ यानी जन-स्तर पर संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
कई समझौतों पर हस्ताक्षर की तैयारी- इजरायल सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक क्षेत्रों में कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। इन समझौतों से दोनों देशों के बीच सहयोग और व्यापक होने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया पर दिखी गर्मजोशी
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत का वीडियो और तस्वीरें साझा कीं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस यात्रा को भारत-इजरायल मित्रता की दीर्घकालिक और मजबूत साझेदारी का प्रतीक बताया।

ऐतिहासिक रिश्तों की नई कड़ी- प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा केवल एक औपचारिक राजकीय यात्रा नहीं, बल्कि भारत-इजरायल संबंधों की उस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा है, जिसने बीते वर्षों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। रक्षा और तकनीक से लेकर कृषि और जल प्रबंधन तक, दोनों देश एक-दूसरे के भरोसेमंद साझेदार बन चुके हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा पश्चिम एशिया क्षेत्र में भारत की सक्रिय कूटनीति को और मजबूती देगी तथा दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों को नई गति प्रदान करेगी।







