मंडलायुक्त ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए….
आजमगढ़, 25 फरवरी। मंडलायुक्त श्री विवेक की अध्यक्षता में बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों की जनवरी 2026 माह की शासन स्तर से जारी ग्रेडिंग/रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अपेक्षित सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन कराकर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों के निर्माण और जल जीवन मिशन (ग्रामीण) में प्रगति तेज कर रैंकिंग सुधारने पर जोर दिया।
छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित आवेदनों को शीघ्र अग्रसारित कराने तथा विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों को दशमोत्तर छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी बलिया के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण और अधिक से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।विद्युत आपूर्ति की समीक्षा में मंडलायुक्त ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मानक के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मर निर्धारित समय में बदलने तथा बिल संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने को कहा। स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार न हटाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अभियान चलाकर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत किसानों के दावों का समय से भुगतान सुनिश्चित करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। कार्यों में सुधार न होने पर उप कृषि निदेशक आजमगढ़ का स्पष्टीकरण लेते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए गए, जबकि उप कृषि निदेशक बलिया की अनुपस्थिति पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
मंडलायुक्त ने पीएम कुसुम योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। ग्राम्य विकास से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण और गलत भुगतान की जांच पर भी जोर दिया गया। पेंशन योजनाओं की समीक्षा में निराश्रित महिला एवं वृद्धावस्था पेंशन के लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित करने तथा तकनीकी आधार पर आवेदन निरस्त न करने के निर्देश दिए गए। कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदनों के निस्तारण पर भी बल दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एंबुलेंस 102 और 108 की औसत प्रतिक्रिया समय में सुधार लाने तथा अस्पतालों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में आईडी बनाने को कहा गया।
शिक्षा विभाग के अंतर्गत ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल सहित आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में गौ आश्रय स्थलों की क्षमता के अनुसार गोवंश संरक्षण, शत-प्रतिशत टीकाकरण और सहभागिता योजना के सत्यापन के बाद ही अनुदान जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रविन्द्र कुमार (जिलाधिकारी आजमगढ़), मंगला प्रसाद सिंह (जिलाधिकारी बलिया), प्रवीण मिश्र (जिलाधिकारी मऊ) सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







