इनामिया हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी…..
आजमगढ़, 25 फरवरी 2026। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और शातिर पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामिया हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया है।
चेकिंग के दौरान मिली सूचना- पुलिस के अनुसार 24 फरवरी की रात थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह अपनी टीम के साथ ऊंची गोदाम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन शातिर पशु तस्कर मोटरसाइकिल से सोनवारा से बड़ैला ताल की ओर जा रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना पर पुलिस टीम छैला इनार तिराहे पर पहुंचकर चेकिंग करने लगी। कुछ ही देर में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक सोनवारा की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल- पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों के न मानने पर आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की गई। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी सरसों के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।घायल बदमाश की पहचान नसीम उर्फ लम्बू (40 वर्ष) पुत्र दिलशेर निवासी ग्राम कोटिला, थाना रानी की सराय के रूप में हुई। उसे बुधवार तड़के करीब 2:30 बजे हिरासत में लेकर उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
हथियार व बाइक बरामद- मौके से पुलिस ने एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस, एक जिंदा मिस कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की। मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत ई-चालान के माध्यम से सीज कर दिया गया।
कई संगीन मामलों में वांछित- पुलिस के अनुसार नसीम पर चोरी, गोवध, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित करीब 16 से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह लंबे समय से पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था तथा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
फरार अभियुक्तों की तलाश जारी- मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बदमाशों की पहचान वसीम पुत्र दिलशेर और भुटेली उर्फ करिया पुत्र इल्ताफ, निवासी ग्राम कोटिला के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। घटना के संबंध में थाना रानी की सराय में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







