अभिलेखों की सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश…..
आजमगढ़, 24 फरवरी। मण्डलायुक्त श्री विवेक एवं अपर आयुक्त श्री शमशाद हुसैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट आजमगढ़ स्थित विभिन्न पटलों का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की सुरक्षा, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा कार्यालय व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान नकल प्रार्थना पत्र अंकन रजिस्टर और रखे गए बस्तों के रख-रखाव का अवलोकन किया गया। मण्डलायुक्त ने अभिलेखागार में रखे बस्तों की सूची तैयार करने तथा अभिलेखों की सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। पुराने बस्तों एवं फाइलों के कवर बदलने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और रिकार्ड रूम में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

इसके बाद राजस्व अभिलेखागार सहित तहसील फूलपुर, बूढ़नपुर, मार्टिनगंज, तहसील सदर (चकबंदी) एवं तहसील निजामाबाद (चकबंदी) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ अभिलेख अस्त-व्यस्त पाए गए। अभिलेखों के संबंध में संतोषजनक जानकारी न देने पर कार्यालय में कार्यरत अरेन्जर महेन्द्र प्रताप को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा अरेन्जर अशोक यादव को चेतावनी जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बस्तों को क्रमवार रखने और साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान वरासत से संबंधित लंबित पत्रावलियों की समीक्षा की गई और उन्हें निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जनपद के शस्त्र व्यवसायियों के नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन पर भी बल दिया गया।

संयुक्त कार्यालय में अधिकारी एवं कर्मचारियों की जीपीएफ पासबुक का अवलोकन करते हुए उसे नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए। मास्टर रजिस्टर की भी जांच की गई। मण्डलायुक्त ने चरित्र प्रमाण पत्र एवं हैसियत प्रमाण पत्र के लंबित आवेदनों को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। आंग्ल अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम में बिजली के तार अस्त-व्यस्त पाए जाने पर उन्हें तत्काल सुव्यवस्थित कराने को कहा गया। रिकार्ड रूम में बस्ता खुलवाकर अभिलेखों का परीक्षण भी किया गया।

मण्डलायुक्त ने अपर जिलाधिकारियों को धारा-24 एवं धारा 67 के वादों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः 10 से 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करने और जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही तीनों अपर जिलाधिकारियों के न्यायालयों में लंबित सबसे पुरानी फाइलों की समीक्षा कर उन्हें नियमानुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित कराने पर भी बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुनील कुमार धनवंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







