मार्टीनगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 86 शिकायतें प्राप्त….
आजमगढ़, 21 फरवरी। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को मार्टीनगंज तहसील के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा- कि संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित सर्वाधिक शिकायत वाले गांवों तथा आईजीआरएस पर अधिक शिकायत दर्ज वाले ग्रामों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करें। मौके पर शिकायतकर्ता को बुलाकर सुनवाई करें और प्रकरण का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि दोबारा शिकायत की नौबत न आए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाए जाने के बाद यदि दोबारा कब्जे की शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उच्चतम न्यायालय एवं शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे के मामलों को गंभीरता से लेकर गुणवत्तायुक्त निस्तारण किया जाए।, निजी जमीन की पैमाइश के बाद यदि कोई दबंग व्यक्ति खूंटा उखाड़ता है तो पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग को संयुक्त टीम बनाकर मौके पर निरीक्षण करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आबादी से जुड़े मामलों में जहां दीवानी वाद लंबित हैं, वहां भी संयुक्त टीम भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करेगी। यदि किसी गरीब को प्रताड़ित कर जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 60 राजस्व, 12 पुलिस, 8 विकास तथा 6 अन्य विभागों से संबंधित थीं। मौके पर 7 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, उप जिलाधिकारी व तहसीलदार मार्टीनगंज, सीओ मार्टीनगंज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




