फूलपुर समाधान दिवस में सख्त तेवर में दिखे जिलाधिकारी, लेखपालों को दी चेतावनी….
प्रयागराज। फूलपुर तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रयागराज के पहुंचने की सूचना पर सुबह से ही बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के प्रार्थना पत्र लेकर मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें भूमि विवाद और जमीन से जुड़े मामलों की प्राप्त हुईं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई गरीब या पीड़ित व्यक्ति न्याय की अपेक्षा लेकर आता है तो उसकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील के सभी लेखपालों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र से एक ही शिकायत बार-बार प्राप्त होती है तो संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देशित किया कि सभी लेखपाल सप्ताह में कम से कम चार दिन तहसील में बैठकर शिकायत पत्रों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी फूलपुर जूही प्रसाद, तहसीलदार सुरेश चंद शुक्ला, थाना प्रभारी शेषनाथ पाल सहित जल निगम, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




