AI समिट भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सर्ट उतार कर किया प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार!

SHARE:

यूथ कांग्रेस के हरकत को भाजपा ने कहा देश विरोधी…..

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान शुक्रवार को राजनीतिक विरोध का स्वर भी सुनाई दिया। इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका संभावित ट्रेड डील और एआई समिट के आयोजन को लेकर परिसर में प्रदर्शन किया।

टी-शर्ट उतारकर लगाए नारे, वीडियो वायरल-प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 15-20 कार्यकर्ता हाथों में सफेद टी-शर्ट लिए हुए परिसर में पहुंचे। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर के साथ ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ लिखा था। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार देशहित से समझौता कर रही है।

प्रदर्शन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “AI समिट के चमकदार मंच के पीछे सच दबाया नहीं जा सकता। जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखें और विदेश नीति में नरमी साफ नजर आए, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है।”

पुलिस की कार्रवाई, प्रवेश व्यवस्था पर सवाल

दिल्ली पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि प्रदर्शन के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब तक चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कड़े सुरक्षा प्रबंध और पास/क्यूआर कोड अनिवार्य होने के बावजूद प्रदर्शनकारी भारत मंडपम के अंदर कैसे पहुंचे।

विपक्ष के आरोप- इस विरोध के पीछे कांग्रेस नेतृत्व के हालिया बयान भी चर्चा में हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने समिट के आयोजन और उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि “भारतीय टैलेंट और डेटा का सही उपयोग करने के बजाय यह आयोजन एक बेतरतीब तमाशा बन गया है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी एआई समिट में अव्यवस्था का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो आयोजन भारत के लिए ‘शोपीस’ इवेंट बन सकता था, वह अव्यवस्था में बदल गया। उनके अनुसार, खाने और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से आगंतुकों और प्रदर्शकों को परेशानी उठानी पड़ी।

भाजपा का पलटवार- वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कांग्रेस के लिए AI का मतलब एंटी-इंडिया है। यह भाजपा या प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत की उपलब्धियों के खिलाफ प्रदर्शन है।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह विरोध बिना मुद्दे और बिना सोच का है।

समिट का उद्देश्य और विस्तार-

इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 की थीम राष्ट्रीय दृष्टि ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ पर आधारित है, जिसका उद्देश्य मानवता के लिए एआई के वैश्विक सिद्धांतों को बढ़ावा देना है। 16 फरवरी 2026 से शुरू हुआ यह आयोजन 20 फरवरी तक प्रस्तावित था, लेकिन भारी भीड़ और कार्यक्रमों की अधिकता के चलते इसे 21 फरवरी तक बढ़ा दिया गया। समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, लगभग 20 राष्ट्राध्यक्ष, 60 से अधिक मंत्री और 45 से ज्यादा वैश्विक तकनीकी कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए। 300 से अधिक प्रदर्शक और 30 से ज्यादा देशों के थी पवेलियन इसमें भाग ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी को समिट का उद्घाटन किया था। आयोजन में दुनियाभर की कंपनियां अपने नवीनतम एआई समाधान प्रदर्शित कर रही हैं। आम लोगों के लिए भी यह अवसर है कि वे देखें कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में किस प्रकार बदलाव ला सकती है। हालांकि समिट का उद्देश्य तकनीकी नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है, लेकिन इसके बीच राजनीतिक विरोध और आरोप-प्रत्यारोप ने आयोजन को अतिरिक्त राजनीतिक रंग दे दिया है। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर आगे क्या कानूनी और राजनीतिक घटनाक्रम सामने आते हैं।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment