22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में लगेगा मेगा शिविर, योजनाओं का मिलेगा लाभ…..
आजमगढ़, 17 फरवरी। जनपद में आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बहुउपयोगी प्रचार वाहन को प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया। यह वाहन मंगलवार सुबह 10 बजे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से निकाला गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती नितिका राजन ने बताया कि यह कार्य मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ श्री जय प्रकाश पाण्डेय के दिशा-निर्देशों के क्रम में किया गया है। यह वाहन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन का मुख्य उद्देश्य जनपद के दूर-दराज इलाकों में जाकर लोगों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना है। वाहन के माध्यम से जागरूकता शिविर आयोजित कर समाज के अंतिम छोर तक बैठे लोगों को लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान, निःशुल्क विधिक सेवा, नालसा हेल्पलाइन नंबर सहित अन्य कानूनी सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। सचिव ने बताया कि यह वाहन 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले वृहद/मेगा शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए भी रवाना किया गया है। इस मेगा शिविर में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे संबंधित विभाग में प्रार्थना पत्र देकर 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में उपस्थित होकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।




