पीड़ित ने नुकसान करीब ढाई लाख रुपये का बताया…..
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी गोसाई की बाजार से करीब एक किलोमीटर दूर श्रीरामगंज बाजार स्थित एक किराना दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मईखरगपुर गांव निवासी अखिलेश चौरसिया की श्रीरामगंज बाजार में किराना की दुकान है। पीड़ित ने बताया कि वह मंगलवार की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का चैनल और शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर गोदरेज अलमारी का ताला भी टूटा मिला।

पीड़ित के मुताबिक अलमारी में रखे 75 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक अंगूठी और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात चोरी हो गए। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने कुल नुकसान करीब ढाई लाख रुपये बताया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।




