स्वास्थ्य विभाग का औचक निरीक्षण, नव जीवन हॉस्पिटल का OT सील!

SHARE:

मानकों की अनदेखी पड़ेगी भारी, निजी अस्पतालों को नोटिस जारी, आगे भी चलता रहेगा अभियान…

आजमगढ़। जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर जनपद में संचालित निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों की जांच के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में नव जीवन हॉस्पिटल एवं जच्चा-बच्चा केन्द्र, रमसपुर (नहर), अहिरौला-कप्तानगंज रोड का निरीक्षण किया गया, जहां अस्पताल का संचालन निर्धारित मानकों एवं वैध पंजीकरण के अनुरूप नहीं पाया गया।

प्राप्त शिकायतों के आधार पर जब अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) की जांच की गई तो आवश्यक मानकों में कमी सामने आई। इसके बाद OT को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। हालांकि पूरे अस्पताल को बंद नहीं किया गया है। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई मरीज भर्ती नहीं पाया गया। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

इसी अभियान के तहत अहिरौला बाजार के पास नहर किनारे स्थित पंकज हॉस्पिटल का भी शिकायत के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि अस्पताल का पंजीकरण यूनानी पद्धति के अंतर्गत है। मौके पर एलोपैथिक दवाएं, उपकरण या मरीजों का एलोपैथिक उपचार होते हुए नहीं पाया गया। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पंजीकरण की सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का उपचार न किया जाए, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह पूरी कार्रवाई डॉ. आलेन्द कुमार, डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मानक बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment