आजमगढ़ पुस्तक मेले में दूषित जल के सेवन से मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव विषय पर निबंध प्रतियोगिता….
आजमगढ़। जिला प्रशासन आजमगढ़ द्वारा आयोजित आजमगढ़ पुस्तक मेला (02 फरवरी से 08 फरवरी 2026) के अंतर्गत शुक्रवार को जल जीवन मिशन से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इं. एम.ए. किदवई, सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) उपस्थित रहे। इसके साथ ही रेडियो 90.4 हाफ लेमन के प्रस्तोता आदिल व उनकी टीम, जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सत्येंद्र कुमार, सहायक अभियंता प्रभात राय, जूनियर इंजीनियर, कार्यालय स्टाफ, डीपीएमयू टीम, आईएसए, आईईसी टीम तथा सावित्रीबाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक आजमगढ़ के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत के बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। आईईसी टीम द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, वहीं जल जीवन मिशन पर आधारित लघु नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छ जल और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद राज्य पुरस्कार विजेता कुलभूषण सिंह ने जल संरक्षण व जल संचयन विषय पर ऑडियो-वीडियो माध्यम से लगभग एक घंटे का प्रस्तुतीकरण किया।
कार्यक्रम में बच्चों के बीच- दूषित जल के सेवन से मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ ही सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण के बाद अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार ने कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन किया।




