आरोपी संगठित गिरोह के रूप में जौनपुर बॉर्डर से सटे क्षेत्रों से प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर पिकअप वाहन से लाते थे…..
आजमगढ़। जनपद के थाना सरायमीर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोकशी की घटना में शामिल दो शातिर गोतस्कर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक पिकअप वाहन, प्रतिबंधित पशु, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात थाना सरायमीर पुलिस क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डेमरी मकदुमपुर में पूर्व में हुई गोकशी की घटना में शामिल गोतस्कर एक पिकअप वाहन में गोवंश लादकर दीदारगंज–सरायमीर मार्ग होते हुए गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सरायमीर भुवनेश चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिकरौर सहबरी के आगे घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने अवरोधक तोड़ते हुए वाहन तेज गति से भगा दिया। पीछा किए जाने पर बदमाश पिकअप छोड़कर पैदल भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रखने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सीएचसी फूलपुर भेजा गया है।

गिरफ्तार घायल अभियुक्तों की पहचान- रफीक उर्फ टोनी पुत्र रसीद, निवासी डेमरी मकदुमपुर, थाना सरायमीर तथा राहुल यादव पुत्र दिनेश यादव, निवासी गरावपुर, थाना दीदारगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने मौके से फरार अभियुक्तों के नाम सलमान पुत्र मिट्ठन कुरैशी व मन्नान पुत्र मिट्ठन कुरैशी, निवासी शेरवा, थाना सरायमीर बताए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

मौके से एक पिकअप वाहन, उस पर लदा एक प्रतिबंधित पशु, दो तमंचा .315 बोर, दो फायरशुदा कारतूस, एक मिसफायर व एक जिंदा कारतूस के साथ नगद धनराशि व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। प्रतिबंधित पशु को सुरक्षित कर आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने दिनांक 16 दिसंबर 2025 को ग्राम डेमरी मकदुमपुर में हुई गोकशी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह के रूप में जौनपुर बॉर्डर से सटे क्षेत्रों से प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर पिकअप वाहन से लाते थे और गोकशी कर अवैध मांस का विक्रय करते थे। इस मामले में थाना सरायमीर पर मु0अ0सं0 35/2026 अंतर्गत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही भी की गई। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे, उप निरीक्षक अभिषेक सिंह सहित थाना सरायमीर की पुलिस टीम शामिल रही।




