छात्र-छात्राओं ने दी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति……
आजमगढ़। फूलपुर कस्बा स्थित न्यू ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक, एकांकी, भाषण, कव्वाली एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक चंद्रिका प्रताप यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव एवं ताहिर हॉस्पिटल के डायरेक्टर मोहम्मद फैसल खान ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक मंच के माध्यम से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है, जिससे उनका बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजादी में सांस ले रहे हैं, वह देश के वीर शहीदों के बलिदान का परिणाम है, जिन्हें हम सभी नमन करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सम्राट सिंह यादव द्वारा प्रस्तुत शिवाजी की झांकी को विशेष सराहना मिली। वहीं बच्चों ने फिल्मी गीतों पर नृत्य कर अभिभावकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक चंद्रिका प्रताप यादव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों को अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए। शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा—ये तीनों एक-दूसरे के पूरक हैं। इनके बिना समाज का उत्थान संभव नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल दिलीप मिश्रा, प्रिंसिपल संजुक्ता सिंह एवं केपी यादव ने संयुक्त रूप से किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा मिष्ठान वितरण किया गया, जिसमें अभिभावकों ने विद्यालय की गुणवत्ता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में- नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल, सिकंदर यादव, डॉ. मनोज यादव, डॉ. शैलेश यादव, डॉ. राशिद खान, मोहम्मद फैसल खान, डॉ. रामाशीष यादव, विजय बहादुर यादव, चंद्रशेखर सिंह, संतोष जायसवाल, रियासत हुसैन, मनोज गुप्ता, अखिलेश विश्वकर्मा, रफीक फूलपुरी, रामसेवक सोनकर, सुरेंद्र बहादुर यादव, प्रधान फौजदार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।




