आरोप – डॉक्टर की लापरवाही बना मौत का कारण?….
आजमगढ़। सगड़ी रौनापार थाना क्षेत्र के जमीन बेलकुंडा गांव निवासी मिंदु पत्नी रामभवन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, 25 जनवरी को मिंदु को प्रसव के लिए लाटघाट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के जरिए एक बच्ची का जन्म हुआ। ऑपरेशन के अगले दिन 26 जनवरी को महिला की हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर 27 जनवरी को परिजन उसे आजमगढ़ शहर स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में ले गए, जहां मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि पहले निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर द्वारा नस काट दी गई, जिसके कारण प्रसूता की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी जान चली गई। मामले को लेकर परिजन मुकदमा दर्ज कराने रौनापार थाना पहुंचे, लेकिन पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देते हुए कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित निजी अस्पताल को सीज कर दिया है। डिप्टी सीएमओ अजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोपों को देखते हुए अस्पताल को सीज किया गया है।
इस संबंध में जीयनपुर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




