शादी के नाम पर धोखाधड़ी और चोरी का भंडाफोड़, तीन अभियुक्त/अभियुक्ता गिरफ्तार!

SHARE:

शादी के नाम पर अभियुक्त गरीब परिवार की लड़की का परिचय देकर मध्यस्थों के माध्यम से शादी तय कराते थे…..

मेहनाजपुर, आजमगढ़। शादी समारोह को माध्यम बनाकर आभूषण, कपड़े और नगदी चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का थाना मेहनाजपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों/अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 जनवरी 2026 को बलजीत यादव पुत्र अनेक सिंह यादव, निवासी ग्राम करेला, पोस्ट कैथल, थाना चंदौसी, जनपद संभल द्वारा थाना मेहनाजपुर में लिखित तहरीर दी गई। वादी ने बताया कि वह अपने विवाह के लिए लड़की देखने के प्रयास में अपने जीजा विजय पाल यादव के माध्यम से संपर्क में आया था। इसी क्रम में कई मध्यस्थों के जरिए एक युवती का फोटो भेजा गया, जिसे पसंद करने पर विवाह तय किया गया।

बताया गया कि लड़की को गरीब परिवार की बताकर विवाह खर्च के नाम पर ₹1,00,000 की मांग की गई और मां पल्हमेश्वरी देवी मंदिर, पल्हना में शादी कराने की बात तय हुई। दिनांक 19 जनवरी 2026 को मंदिर में विधिवत विवाह संपन्न हुआ। रात्रि विश्राम की व्यवस्था न होने के कारण दोनों पक्ष थाना मेहनाजपुर क्षेत्र अंतर्गत चकेरा परिसिनिया स्थित भोले बाबा मंदिर पहुंचे, जहां एक कमरे में रात्रि विश्राम किया गया। रात्रि के दौरान बातचीत में लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम होने की जानकारी सामने आने पर विवाद हो गया। इसके बाद सुबह जब वादी पक्ष जागा तो पाया कि लड़की पक्ष के लोग फरार हो चुके हैं और उनका एक बैग, जिसमें दो नई साड़ियां, कपड़े, पायल, बिछिया, चूड़ियां एवं ₹5000 नगद था, चोरी कर ले गए हैं।

इस मामले में थाना मेहनाजपुर पर मु0अ0सं0 005/2026, धारा 305(1)/318(4) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया, बाद में विवेचना के दौरान धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। विवेचना उपनिरीक्षक बेचू प्रसाद यादव द्वारा की जा रही थी।

मुखबिर सूचना पर गिरफ्तारी- पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर दिनांक 21 जनवरी 2026 को जियापुर स्थित पानी की टंकी के सामने रमेश सिंह के बंद होटल पर दबिश दी गई। इस दौरान तीनों वांछित अभियुक्तों/अभियुक्ता को एक साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने अपने नाम हर्ष यादव (उम्र लगभग 17 वर्ष), विजय कुमार (उम्र लगभग 24 वर्ष) तथा चंदा देवी (उम्र लगभग 30 वर्ष), सभी निवासी ग्राम मटियरा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली बताए। गिरफ्तारी का समय लगभग 12:20 बजे बताया गया है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा- पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तगण पूर्व नियोजित तरीके से गरीब परिवार की लड़की का परिचय देकर मध्यस्थों के माध्यम से शादी तय कराते थे। मंदिर में विवाह कराने के बाद रात्रि विश्राम के दौरान जानबूझकर विवाद खड़ा किया जाता था और मौका पाकर वादी पक्ष के आभूषण, कपड़े और नकदी से भरा बैग चोरी कर फरार हो जाते थे।

बरामदगी- पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से नीले रंग का चैनयुक्त बैग, दो नई साड़ियां, एक कपड़ा, एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया तथा ₹5000 नगद बरामद किया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका- इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक बेचू प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल बाबूलाल राजभर, हेड कांस्टेबल सत्यप्रकाश यादव, कांस्टेबल घनश्याम यादव, कांस्टेबल अभिषेक मौर्य तथा महिला हेड कांस्टेबल अंजना राज शामिल रहीं। फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि अभियुक्तों ने इस तरह की और कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment