थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने विदा होने वाले आरक्षियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की…..
अतरौलिया, आजमगढ़। अतरौलिया थाना परिसर में तैनात चार आरक्षियों के स्थानांतरण पर गुरुवार को एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सहकर्मियों की आंखें नम हो गईं और वातावरण भावुकता से भर उठा। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने विदा होने वाले आरक्षियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। थाना अतरौलिया में तैनात कांस्टेबल सीताराम यादव, सर्वेश यादव, प्रवीन कुमार एवं शिवम सिंह का स्थानांतरण क्रमशः मुबारकपुर, अहरौला तथा पुलिस लाइन के लिए किया गया है।

इस अवसर पर थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने कहा कि स्थानांतरण पुलिस सेवा की एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन अपने कर्तव्यनिष्ठ आचरण और कार्यकुशलता से जवान हमेशा अपनी पहचान छोड़ जाते हैं। उन्होंने क्षेत्र में चारों आरक्षियों द्वारा दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए उनके अनुशासन और समर्पण को प्रेरणादायी बताया।
विदाई समारोह के दौरान थाने के सभी उपनिरीक्षकों एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने भी बारी-बारी से आरक्षियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर सम्मानपूर्वक विदा किया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया और नई तैनाती पर सफलता की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर थाना अतरौलिया का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विदाई के समय भावनात्मक माहौल के बीच सभी ने एकजुट होकर अपने साथियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभेच्छाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया।




