ट्रक चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश……
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में स्कूटी सवार पिता और उनकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रानी की सराय थाना क्षेत्र के अहियाई गांव निवासी प्रमोद चौहान (36) पुत्र तेजू चौहान अपनी तीन वर्षीय बेटी सानवी और पत्नी सीमा चौहान के साथ स्कूटी से बेटी को दवा दिलाने आजमगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वे नेशनल हाईवे पर कोटिला बाजार स्थित आवंक मोड़ के पास पहुंचे, आजमगढ़ से मुहम्मदपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सानवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पत्नी सीमा चौहान सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान प्रमोद चौहान ने दम तोड़ दिया। सीमा चौहान का अस्पताल में इलाज जारी है ।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।




