रामगणेश प्रजापति ने कांग्रेस के अध्यक्ष सहित प्रमुख नेताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया……
आज़मगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग में महत्वपूर्ण संगठनात्मक फेरबदल के तहत रामगणेश प्रजापति को पश्चिम बंगाल का प्रभारी एवं नेशनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी के लिए रामगणेश प्रजापति ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा डॉ. अनिल जय हिंद के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रामगणेश प्रजापति ने कहा कि वे राहुल गांधी के नेतृत्व और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से ओबीसी समाज की आवाज़ को मजबूती देने और संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की न्याय, समानता और सामाजिक सशक्तिकरण की नीति के साथ वे मजबूती से खड़े रहेंगे और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।




