बिजली बिल राहत योजना का प्रथम चरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 03 जनवरी तक।

SHARE:

बिजली बिल राहत योजना प्रथम चरण में 91,473 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया……

आजमगढ़। अधिशासी अभियंता विद्युत ने जिले के समस्त उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि बिजली बिल राहत योजना के प्रथम चरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 03 जनवरी कर दी गई है। इस चरण में उपभोक्ताओं को अधिकतम लाभ प्रदान किया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता के अनुसार- अब तक 91,473 उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। वहीं, बिजली चोरी के मामलों में राजस्व निर्धारण पर 50 प्रतिशत तक की राहत दी जा रही है, जिसके अंतर्गत 1,086 उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं।

फूलपुर में योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़
फूलपुर में योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़

योजना के तहत उपभोक्ताओं को बिजली बिल के बकाया भुगतान के लिए प्रतिमाह के चालू बिल के साथ ₹780 या ₹500 की किस्त चुनने की सुविधा भी दी गई है। कांशीराम आवास योजना के अंतर्गत अब तक 4 उपभोक्ता इस राहत योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।

प्रथम चरण में ब्याज के अतिरिक्त मूलधन पर भी 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जबकि दूसरे चरण में यह राहत घटकर 20 प्रतिशत रह जाएगी। इसके अलावा किस्तों के माध्यम से भुगतान करने पर ब्याज के अतिरिक्त क्रमशः 10 प्रतिशत और 5 प्रतिशत की अतिरिक्त राहत का प्रावधान है।

अधिशासी अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर बिजली बिल राहत योजना का लाभ उठाकर बकाया भुगतान में मिलने वाली छूट का अधिकतम फायदा लें।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment