गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों—बाबा जोरावर सिंह और छोटे साहिबजादे फतेह सिंह—के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में ……
आजमगढ़, 26 दिसंबर। जिलाधिकारी महोदय एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुबोध कुमार सिंह के नेतृत्व में विकास खंड हरैया स्थित एआरएस पब्लिक स्कूल में वीर बाल दिवस के शुभ अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। साथ ही विद्यालय के बालक-बालिकाओं ने वीर बाल दिवस की थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जो उपस्थित बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री अखिलेश सिंह ने बताया कि वीर बाल दिवस सिख धर्म के महान योद्धा गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों—बाबा जोरावर सिंह और छोटे साहिबजादे फतेह सिंह—के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस बच्चों में साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करता है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रजनीश श्रीवास्तव, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री संजय शाही तथा हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन से श्रीमती प्रीति उपाध्याय ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत दंडनीय अपराध है। इसके अंतर्गत दो वर्ष की कैद एवं एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बाल विवाह को बच्चों के शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मौलिक अधिकारों से वंचित करने वाली सामाजिक बुराई बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की।
इसके साथ ही जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती अन्नू सिंह ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों—1090, 181, 112, 108—और शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक उधम सिंह, प्रधानाचार्य प्रेम शंकर सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और बाल संरक्षण के संकल्प के साथ किया




