सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा, मंडलायुक्त ने दिए योजनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश!

SHARE:

माह नवंबर 2025 की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई…..

आजमगढ़, 22 दिसंबर। मंडलायुक्त श्री विवेक की अध्यक्षता में सोमवार को मंडलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों की माह नवंबर 2025 की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा में मंडलायुक्त ने कहा कि आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर डाटा फॉरवर्ड किया जाए। उन्होंने तीनों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारियों को विद्यालयों में पंजीकृत छात्रों की रैंडम बायोमेट्रिक उपस्थिति जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही, उपनिदेशक समाज कल्याण एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वयं विद्यालयों का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति की जांच करने को कहा। गलत या एक से अधिक विद्यालयों में पंजीकरण पाए जाने पर आवेदन निरस्त करने के निर्देश दिए गए।

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में मंडलायुक्त ने बैंक एवं विद्युत विभाग से समन्वय कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीबों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए ब्लॉक स्तर से आवेदन बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा में उन्होंने प्रचार-प्रसार बढ़ाने और भुगतान से जुड़े लंबित मामलों को बीमा कंपनियों व बैंकों से समन्वय कर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटी तकनीकी कमियों के कारण किसी भी पात्र किसान का आवेदन निरस्त न किया जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत विवादित मामलों में अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने डायलिसिस सेवाओं को कम से कम तीन शिफ्टों में संचालित करने, बायोमेडिकल उपकरणों के समुचित रखरखाव, सीटी स्कैन मशीन के सुचारु संचालन और गंभीर रूप से घायल मरीजों को सीधे जिला अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर रेफर करने के निर्देश दिए।

वृक्षारोपण की समीक्षा में उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित मॉनिटरिंग, सूख गए पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को गौ-आश्रय स्थलों की नियमित निगरानी कर ठंड से पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।

पेंशन योजनाओं की समीक्षा में मंडलायुक्त ने आधार सीडिंग शीघ्र कराने, पात्र व्यक्तियों को पेंशन से वंचित न रखने और जिनका बैंक खाता नहीं है उनका पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा- ग्रामीण स्टेडियम, नहरों की सिल्ट सफाई, जनसुनवाई, स्वच्छता, दवा उपलब्धता, वित्तीय नियमों के पालन सहित सीएम युवा उद्यमी अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, कन्या सुमंगला योजना, एनआरएलएम, नमामि गंगे सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ श्री रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ श्री प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया श्री मंगला प्रसाद सिंह, अपर आयुक्त, समस्त मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त विकास आयुक्त सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment