तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर घायल!

SHARE:

कोहरे के बीच राह चल रही बच्चियों को बचाने के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा…..

आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सदरपुर–बरौली फूलपुर दुर्वासा मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता कम थी। इसी दौरान पिकअप चालक ने सड़क पर चल रही दो बच्चियों को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 24 वर्षीय युवक रणजीत पुत्र दशरथ, निवासी ग्राम किठावें, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में बाइक पर सवार रुद्र (17) पुत्र अशोक यादव और आकाश (21) पुत्र सूर्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन में लदा सामान छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर भेजा। वहां रुद्र की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया, जबकि आकाश का इलाज एक अन्य अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।

यह हादसा बरौली दुर्वासा रोड पर आरिफ की आरा मशीन के सामने हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment