आजमगढ़ महोत्सव-2025 का लोगो, पोस्टर व थीम सॉन्ग लॉन्च!

SHARE:

24 से 28 दिसंबर तक राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में होगा पांच दिवसीय आयोजन….

आजमगढ़। जनपद में 24 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले आजमगढ़ महोत्सव-2025 के लोगो, पोस्टर एवं थीम सॉन्ग का शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य रूप से लोकार्पण किया गया। जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया की उपस्थिति में महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाला यह पांच दिवसीय महोत्सव मनोरंजन के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में बाहर से आने वाले नामचीन कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिल सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि महोत्सव स्थल पर फूड कोर्ट, झूले, ओडीओपी उत्पादों के स्टॉल तथा स्थानीय व्यापारियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित व विक्रय करने के लिए अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन, आमजन और मीडिया के सहयोग से सकारात्मक माहौल बनाकर महोत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा। पूर्व में आई शिकायतों का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस बार महोत्सव का आयोजन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। किसी भी प्रकार के चंदे की व्यवस्था नहीं होगी। प्रशासनिक धनराशि से आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है, जबकि बाहर से आने वाले कलाकारों के खर्च का वहन निजी संस्थानों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आजमगढ़ सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में लोग महोत्सव में पहुंचेंगे और मनोरंजन के साथ खरीदारी का आनंद लेंगे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि आजमगढ़ महोत्सव-2025 को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि आमजन निश्चिंत होकर कार्यक्रमों का आनंद ले सकें। मुख्य कोषाधिकारी श्री अनुराग कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि

24 दिसंबर को सायं 4 से 7 बजे तक स्कूली बच्चों व स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा 7 से 9 बजे तक अंजुम रहबर व अन्य द्वारा ग़ज़ल संध्या होगी।

25 दिसंबर को सायं 4 से 7 बजे तक स्कूली बच्चों व स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम तथा 7 से 9 बजे तक हरिहरपुर घराना के कलाकारों द्वारा भजन संध्या आयोजित की जाएगी।

26 दिसंबर को सायं 4 से 7 बजे तक बच्चों व स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा 7 से 9 बजे तक डॉ. सुनील जोगी, शंभू शिखर, सर्वेश अस्थाना सहित अन्य कवियों द्वारा कवि सम्मेलन होगा।

27 दिसंबर को सायं 4 से 7 बजे तक स्थानीय कार्यक्रमों के बाद 7 से 9 बजे तक जतिन निगम द्वारा बॉलीवुड नाइट प्रस्तुत की जाएगी।

28 दिसंबर को महोत्सव का समापन होगा, जिसमें सायं 4 से 7 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा 7 से 9 बजे तक अरविंद अकेला व डिंपल सिंह द्वारा भोजपुरी नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री गंभीर सिंह, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी श्री नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी व संबंधित लोग उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment