पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा होने का क्रम जारी….
अहरौला, आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अहरौला थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव के पास किलोमीटर संख्या 207 पर तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी यात्रियों से भरी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस डिवाइडर से टकराते हुए करीब 70 मीटर तक घसीटती चली गई।
हादसे में 17 वर्षीय दीपक चौहान पुत्र रामेश्वर चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। दीपक मुबारकपुर थाना क्षेत्र के लाडो गांव, जनपद आजमगढ़ का निवासी था। बताया गया कि घटना के समय वह बस से उतरकर लघुशंका कर रहा था, तभी कंटेनर की चपेट में आ गया। दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और तीन बहनों का भाई था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बस राजस्थान से यात्रियों को लेकर बलिया जा रही थी। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही यूपीटीईटी टीम और अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को उपचार के लिए भेजा। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




