अहरौला- खेत से मिला मानव कंकाल, क्षेत्र में सनसनी, लापता वृद्ध महिला का कंकाल होने की आशंका!

SHARE:

मिला कंकाल लापता महिला विद्यावती देवी की होने बात कही जा रही, DNA जांच के लिए नमूने भेजे गए…..

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के बरईपुर पथरा गांव में शुक्रवार सुबह धान के खेत से मानव कंकाल मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में काम करने पहुंचे किसानों ने नाले के पास बिखरे हुए हाथ, सिर और पैर के अवशेष देखे तो तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर एक साड़ी भी मिली, जिसे स्थानीय लोगों ने पहचान लिया।

सूचना पर पहुंचे परिजनों ने साड़ी देखकर आशंका जताई कि यह कंकाल लापता महिला विद्यावती (65 वर्ष) का हो सकता है, जो 4 अक्टूबर 2025 से गायब थीं। उनके पुत्र अरविंद मिश्रा ने अहरौला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार विद्यावती मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अचानक घर से निकल गई थीं। तब से परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कंकाल को कब्जे में लेकर थाने लाए। पुलिस ने अवशेषों को डीएनए परीक्षण के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह पुष्टि हो पाएगी कि कंकाल लापता महिला विद्यावती का है या नहीं। परिजनों ने संभावित पहचान के आधार पर अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment