पुलिस ने शुरू की जांच,प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता मामला!…
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर मगटा स्थित पातालपुरी मंदिर के पश्चिम सुरजू पोखरे से बुधवार सुबह एक 21 वर्षीय लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ईदू पुत्र इरफान, निवासी ग्राम दौना, थाना देवगांव के रूप में हुई है। मंगलवार को ईदू के घर से लापता होने पर परिजनों ने देवगांव कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के अगले ही दिन स्थानीय लोगों ने पोखरे में युवक का शव तैरता हुआ देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडे व इंस्पेक्टर देवगांव विमल प्रकाश राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक बगल के गांव की एक लड़की से मिलने गया था, जहां लड़की के परिजनों ने उसे कथित रूप से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई, और बाद में शव पोखरे में फेंक दिया गया। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि संबंधित पक्षों से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रेम-प्रसंग व हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।




