स्थानीय लोगों की मदद से चिकित्सालय माहुल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है…
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल-फुलवरिया मार्ग पर शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे पिकअप वाहन की चपेट में आने से साइकिल से कोचिंग जा रही दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा अवध चिकित्सालय के समीप हुआ।
घटना में घायल छात्राएं मोलनापुर निवासी अनिल कुमार की पुत्रियां साक्षी (15) और सुतीक्षा (14) बताई जा रही हैं, जो कक्षा 10 की छात्राएं हैं। दोनों रोजाना एक ही साइकिल से माहुल बाजार कोचिंग पढ़ने जाती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अवध चिकित्सालय के पास माहुल की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं और साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अवध चिकित्सालय माहुल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन को कंधरापुर थाने के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे टोल नाके पर घेर लिया। खुद को घिरा देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची कंधरापुर पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर उसके मालिक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।




