सुहेलदेव विश्वविद्यालय की कबड्डी टीम को किया गया सम्मानित…..
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ ने खेल के क्षेत्र में बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय की पुरुष कबड्डी टीम ने उत्कल विश्वविद्यालय, उड़ीसा को 64-23 के भारी अंतर से हराते हुए अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह जीत विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि द्वितीय दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के अगले ही दिन विश्वविद्यालय को यह बड़ी सफलता मिली। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने इसे “टीम भावना और समर्पण की जीत” बताया तथा खिलाड़ियों व क्रीड़ा सचिव प्रो. प्रशांत राय की सराहना की।
कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार और सहायक कुलसचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली है। प्रो. प्रशांत राय ने कहा कि कुलपति के सहयोग और संसाधनों की उपलब्धता से ही यह संभव हो सका।
विश्वविद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बड़ी सफलताओं की शुभकामनाएं दी हैं।




