भरत मिलाप मेले में झांकियों की धूम, रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाया फूलपुर!

SHARE:

महिषासुर मर्दिनी का नाट्य रूप रहा आकर्षण का केंद्र….

रिपोर्ट…. अरुण कुमार गुप्ता

प्रयागराज। जिले के फूलपुर में परंपरागत भरत मिलाप मेले का आयोजन इस वर्ष भी धूमधाम से किया गया। देर शाम से ही कस्बे की गलियां और मुख्य चौराहे रंग-बिरंगी झालरों व लाइटों से जगमगाने लगे। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र मेले के रंग में सराबोर हो गया और रात भर झांकियों को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।

इस अवसर पर बच्चों से लेकर महिलाएं व बुजुर्ग तक हजारों की संख्या में लोग उमड़े। कस्बे में दर्जनों आकर्षक और कलात्मक झांकियां निकाली गईं, जिनमें धार्मिक कथाओं, पौराणिक प्रसंगों और सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। देर रात तक झांकियों का यह क्रम चलता रहा, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शिव शक्ति चौकी समिति द्वारा विशेष रूप से भव्य झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जीवन प्रसंगों पर आधारित दृश्य प्रमुख आकर्षण का केंद्र बने। झांकियों के माध्यम से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप दिया गया।

मेले के संचालन में प्रिंस मोदनवाल, सुमित केसरी, शिवम् केसरी, आलोक केसरी और निखिल केसरी सहित कई युवा सक्रिय रूप से जुटे रहे। उनके प्रयास से मेले का माहौल और भी जीवंत हो उठा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह चौकस नजर आया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम स्वयं पुलिस टीम के साथ देर रात तक नगर में गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। पुलिस की सतर्कता से श्रद्धालु निश्चिंत होकर मेले का आनंद लेते रहे।

मेले में उमड़े जनसैलाब और रात्रि भर चली आकर्षक झांकियों ने यह साबित कर दिया कि फूलपुर का भरत मिलाप मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत प्रतीक है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment