बारिश के कारण स्थगित हुआ फूलपुर का ऐतिहासिक भरत मिलाप, अब 5 अक्टूबर को होगा आयोजन!

SHARE:

भरत मिलाप के पुनः आयोजन के लिए विशेष तैयारी….

आजमगढ़। जिले के फूलपुर नगर में दशहरा मेला के पश्चात होने वाला ऐतिहासिक भरत मिलाप उत्सव इस बार बारिश की वजह से स्थगित कर दिया गया। रामलीला दशहरा मेला भरत मिलाप आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 3 अक्टूबर को निर्धारित भरत मिलाप कार्यक्रम लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते संपन्न नहीं हो सका। अब यह आयोजन रविवार, 5 अक्टूबर को किया जाएगा।

गौरतलब है कि फूलपुर में दशहरा मेला 2 और 3 अक्टूबर को मनाया गया। लगातार हो रही वर्षा के कारण आयोजन में काफी कठिनाइयाँ आईं, हालांकि बीच-बीच में बारिश थमने पर मेला सुंदर ढंग से संपन्न हुआ। लेकिन दशहरे के दूसरे दिन नगर में निकलने वाली ऐतिहासिक भरत मिलाप झांकी बारिश न रुकने की वजह से स्थगित करनी पड़ी।

इस संबंध में आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता व सहयोगियों ने कई दुर्गा पूजा समितियों से विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भरत मिलाप का आयोजन अब 5 अक्टूबर, रविवार को किया जाएगा। हालांकि, कुछ दुर्गा पूजा समितियों ने असहमति जताते हुए मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन शनिवार, 4 अक्टूबर से ही प्रारंभ कर दिया।

सुरेश गुप्ता ने कहा कि भरत मिलाप फूलपुर की ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे परंपरा के अनुसार जीवित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण कार्यक्रम को टालना पड़ा। अब 5 अक्टूबर को राजगद्दी कार्यक्रम के साथ ही ऐतिहासिक भरत मिलाप झांकी निकाली जाएगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment